ग्रेटर नोएडा के एक्सपोमार्ट में 25 सितंबर से शुरू हुए बहुप्रतीक्षित ‘यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026’ में इस बार उत्तर प्रदेश की बदलती औद्योगिक तस्वीर साफ तौर पर दिखाई दे रही है। ट्रेड शो के हॉल नंबर 3 में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) द्वारा लगाया गया स्टाल इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण बन गया है।
यीडा के 25 वर्षों का स्वर्णिम सफर और भव्य मॉडल यीडा ने अपने इस स्टाल के जरिए अपनी 25 वर्षों की बेमिसाल विकास यात्रा को बेहद शानदार तरीके से प्रदर्शित किया है। स्थानीय नागरिकों और निवेशकों के लिए यह स्टाल किसी खजाने से कम नहीं है, क्योंकि यहां प्राधिकरण के प्रथम चरण के ‘2041 के मास्टर प्लान’ का एक भव्य और विस्तृत मॉडल रखा गया है। इस मॉडल में यीडा क्षेत्र के सभी सेक्टरों और मजबूत कनेक्टिविटी को बहुत ही बारीकी से दिखाया गया है। इसके अलावा, क्षेत्र की तकदीर बदलने जा रहे ‘नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ का मॉडल भी आगंतुकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पोस्टर के जरिए भविष्य की बड़ी परियोजनाओं की झलक प्राधिकरण ने अपने स्टाल पर पिछले एक साल में हुए बड़े औद्योगिक आवंटन और रिकॉर्ड निवेश को पोस्टरों के माध्यम से बखूबी दर्शाया है। यीडा ने यह साबित कर दिया है कि वह सिर्फ वादे नहीं, बल्कि धरातल पर काम करने में विश्वास रखता है।
स्टाल पर इंटरनेशनल फिल्म सिटी, फिनटेक सिटी, अपेरल पार्क, टॉय पार्क, मेडिकल डिवाइसेज पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, लॉजिस्टिक पार्क और हेरिटेज सिटी जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इतना ही नहीं, यीडा की नई और भविष्य की प्रस्तावित योजनाओं—जैसे सेक्टर 5A में जापान सिटी, सेक्टर 4A में कोरियन सिटी, सेक्टर 7 में सिंगापुर सिटी, सेक्टर 6 में ताइवान सिटी, सेक्टर 23D में प्रस्तावित इंटरनेशनल स्टेडियम, सेक्टर 23C में आईएसबीटी, और सेक्टर 13 व 14 में प्रस्तावित मेडिकल हब—की जानकारी भी पोस्टर्स के जरिए साझा की जा रही है।
कमान ट्रेड शो के शुरुआती दिनों में ही यीडा के स्टाल पर दिग्गजों का तांता लगा रहा। बीते दिन उत्तर प्रदेश के माननीय औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने इस स्टाल का औपचारिक उद्घाटन किया और विकास मॉडलों का बारीकी से अवलोकन किया।
यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) राकेश कुमार सिंह ने इस दौरान कई बड़े उद्योगपतियों से सीधी बातचीत की और उन्हें प्राधिकरण की निवेश-अनुकूल योजनाओं से अवगत कराया। सीईओ श्री सिंह ने उत्तर प्रदेश के अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (IIDC) श्री दीपक कुमार का भी स्टाल पर स्वागत किया और उन्हें विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति से रूबरू कराया।
आज के क्रम में, उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव (उद्योग विभाग) एवं यीडा के अध्यक्ष आलोक कुमार ने भी एक्सपोमार्ट पहुंचकर यीडा के स्टाल का दौरा किया। स्टाल पर लगातार पहुंच रही भारी भीड़, अधिकारीगण, मीडिया कर्मियों और आम आगंतुकों की मौजूदगी यह साबित करती है कि यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र को लेकर लोगों में गजब का उत्साह और विश्वास है।

