रुपिका भटनागर । कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर नोएडा के सेक्टर-56 स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर प्रांगण में भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित एक विशाल रक्तदान महोत्सव का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से स्थानीय निवासियों और मंदिर समिति ने कारगिल के अमर वीर शहीदों को रक्तदान के रूप में अपनी सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस विशेष शिविर में रक्त संग्रह की जिम्मेदारी संभालने के लिए भारतीय सेना की मेडिकल टीम स्वयं उपस्थित रही। शिविर को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह देखा गया। रक्तदान के लिए कुल 166 लोग पहुंचे, जिनमें से स्वास्थ्य मानकों के आधार पर 141 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जबकि 25 लोगों को स्वस्थ रहने व अगली बार रक्तदान करने की सलाह दी गई।
रक्तदान के साथ-साथ अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), नई दिल्ली की टीम द्वारा अंगदान और नेत्रदान जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान 20 संवेदनशील नागरिकों ने मानवता की सेवा के लिए अपने नेत्र और अंग दान करने का संकल्प लिया।
शिविर में पहुंचे रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाने के लिए शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें मुख्य रूप से नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (NEA) के अध्यक्ष विपिन मल्हन, महासचिव वी.के. सेठ व एनईए की टीम, पंजाबी विकास मंच के चेयरमैन दीपक विग, वाइस चेयरमैन संजीव पुरी व उनकी टीम ने उपस्थित होकर दाताओं का उत्साहवर्धन किया। इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी आर.एन. गुप्ता, ओ.पी. गोयल, जे.एम. सेठ, जी.के. बंसल, आर.के. भट्ट, इंदर पाल खंडपुर, हरीश सभरवाल, अंबेश भांबरी, संजीव बांधा, तथा ब्लड डोनेशन टीम के डॉ. कर्नल योगेश मानिकतला, करण अनेजा, अभिषेक जैन, सुशील रियू, नितिन गुप्ता, अशोक त्यागी, निर्मल हांडा, मंजू सेठ, मधु भट्ट, और वंदना बंसल आदि का सराहनीय योगदान रहा।
