उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ODOP) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ओडीओपी टूलकिट एवं वितरण योजना का औपचारिक शुभारंभ आज अपैरल ट्रेनिंग एंड डिजाइन सेंटर (ATDC), नोएडा में किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देना है।
अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर परिधान और प्रशासनिक क्षेत्र की कई गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहीं, जिनमें एईपीसी (AEPC) के कार्यकारिणी सदस्य और एटीडीसी (BOG) के संयोजक श्री ललित ठुकराल, सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी (1972 बैच) श्री राजीव कुमार भाटिया, गौतम बुद्ध नगर के डीसीआई (DCI) श्री पंकज निर्वाण, एसीआई (ACI) श्री वत्स, तथा एटीडीसी, एनएचओ (NHO) के निदेशक डॉ. नीर चंद्रा एवं डॉ. नीर सिंह परिहार शामिल थे।
कार्यक्रम के दौरान गौतम बुद्ध नगर के डीसीआई, श्री पंकज निर्वाण ने उपस्थित लाभार्थियों को उत्तर प्रदेश सरकार की रोजगारपरक नीतियों और मुद्रा ऋण योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद लाभार्थी अपने व्यवसाय को शुरू करने या मौजूदा उद्यम के विस्तार के लिए ₹5 लाख तक की ऋण सहायता का लाभ उठा सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को वित्तीय बाधाओं से मुक्त कर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करना है।
एटीडीसी के संयोजक श्री ललित ठुकराल ने इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि कौशल विकास को सीधे रोजगार और उद्यमशीलता के अवसरों से जोड़ना युवाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए एक प्रभावी कदम है। अन्य वक्ताओं ने भी कौशल प्रशिक्षण को व्यावहारिक धरातल पर उतारने और उपलब्ध सरकारी सहायता प्रणालियों का अधिकतम उपयोग करने के लिए लाभार्थियों को प्रेरित किया।
इस विशेष कार्यक्रम की समुचित व्यवस्था और सफल समन्वय एटीडीसी नोएडा की प्रिंसिपल डॉ. मीनू डाबास द्वारा अपनी टीम के सहयोग से किया गया। डॉ. डाबास ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों, सरकारी अधिकारियों और एटीडीसी प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें ओडीओपी के माध्यम से कौशल विकास, आजीविका के अवसरों को सुदृढ़ करने और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक मंच प्रदान करने के लिए एटीडीसी नोएडा की प्रतिबद्धता को दोहराया गया।

