रुपिका भटनागर। समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और नागरिक सहभागिता को नई दिशा देने के उद्देश्य से ‘नोएडा लोक मंच’ एक अनूठी पहल “Noida, I Care” शुरू करने जा रहा है। इस जन-आंदोलन का आधिकारिक शुभारंभ आगामी 3 मई को नोएडा स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी (Amity University) के सभागार में एक भव्य कार्यक्रम के साथ होगा।
शहर के विकास में नागरिक जिम्मेदारी की भावना इस पहल की परिकल्पना ग्रेटर नोएडा के पूर्व सीईओ और यमुना प्राधिकरण के पूर्व चेयरमैन प्रभात कुमार द्वारा की गई है। उनका मानना है कि नोएडा का विकास केवल कंक्रीट की इमारतों से नहीं, बल्कि नागरिकों के उत्कृष्ट व्यवहार और उनकी भागीदारी से तय होगा।
शुक्रवार को नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी में आयोजित एक प्रेस वार्ता में मंच के सदस्यों ने इस पहल के विजन को साझा किया। नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना ने भावुक होते हुए कहा, “युवराज की दुखद मृत्यु जैसी घटनाओं ने हमें यह सोचने पर मजबूर किया कि एन एरिया ऑफ़ एक्सीलेंस (an area of excellence) की भावना से बनाया गया नोएडा (NOIDA -New Okhla Industrial Development Authority) क्या हमारा शहर केवल इमारतों का समूह है? स्वतंत्रता के बाद हम अधिकारों की बात तो करते हैं, लेकिन कर्तव्यों को भूल जाते हैं। ‘Noida, I Care’ का मूल मंत्र ‘माई सिटी, माई रिस्पॉन्सिबिलिटी’ (मेरा शहर, मेरी जिम्मेदारी) है।”
पहल के 5 प्रमुख फोकस एरिया
यह अभियान मुख्य रूप से पांच स्तंभों पर आधारित होगा, जो नोएडा को एक ‘उत्कृष्ट शहर’ बनाने की दिशा में काम करेंगे:
स्वच्छता: प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान से प्रेरित।
पर्यावरण संरक्षण: ‘Save Environment’ के तहत वृक्षारोपण और हरियाली।
ट्रैफिक सेंस (Traffic Sense): सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता।
प्रदूषण नियंत्रण: वायु एवं ध्वनि प्रदूषण को कम करने के लिए सामूहिक प्रयास।
सामुदायिक मजबूती: नागरिकों को विकास से जोड़ना।
4 वर्षीय रोडमैप और जन-भागीदारी
अभियान के संयोजक ऋषि प्रताप सिंह ने बताया कि इस मुहिम के लिए 4 वर्षों का विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है। लक्ष्य यह है कि अगले चार वर्षों में शहर के 15 लाख की आबादी में से कम से कम 1 लाख समर्पित वालंटियर्स को इस मंच से जोड़ा जाए।
3 मई को एमिटी यूनिवर्सिटी में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शिक्षाविद, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, कॉर्पोरेट जगत के दिग्गज और प्रबुद्ध नागरिक भाग लेंगे। इस दौरान शहर को सुरक्षित, स्वच्छ और जागरूक बनाने के लिए विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की जाएगी।
समाज की भागीदारी पर जोर
प्रेस वार्ता में आर एन श्रीवास्तव, अशोक श्रीवास्तव, मीनाक्षी राजनाथन और पवन यादव सहित शहर के कई गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया। श्री श्रीवास्तव ने धन्यवाद प्रस्ताव देते हुए कहा कि “Noida, I Care” लोगों में यह विश्वास जगाएगी कि यदि वे एक साथ आएं, तो शहर की तस्वीर बदली जा सकती है।
यह पहल मात्र एक कार्यक्रम न होकर एक जन-आंदोलन का रूप लेने को तैयार है, जिसका उद्देश्य नोएडा को न केवल रहने योग्य, बल्कि एक ‘उत्कृष्टतम शहर’ के रूप में स्थापित करना है।





