आशु भटनागर । उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और आधुनिक केंद्र नोएडा में आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का एक ऐसा महाकुंभ देखने को मिला, जिसे प्रत्यक्षदर्शियों ने ‘अद्भुत, अकल्पनीय और अविस्मरणीय’ करार दिया है। प्रख्यात कवि, प्रखर वक्ता रामकथा मर्मज्ञ और लोक-संस्कृति के संवाहक डॉ. कुमार विश्वास ने अपने सुप्रसिद्ध सांस्कृतिक वृत्तांत ‘अपने-अपने राम’ के माध्यम से नोएडावासियों को भगवान श्री राम के उस स्वरूप से परिचित कराया, जो न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि एक आदर्श जीवन पद्धति और उत्कृष्ट प्रबंधन का जीवंत उदाहरण भी है।
शाम के साढे चार बजते ही नोएडा का वातावरण राममयी हो गया। हजारों की संख्या में उमड़े जनसैलाब के बीच जब कुमार विश्वास ने अपनी विशिष्ट शैली में श्री राम कथा का सूत्रपात किया, तो पंडाल में मौजूद हर व्यक्ति भक्ति और दर्शन के एक अनूठे संगम में डूब गया। दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के कोने-कोने से आए पेशेवर, युवा और वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया कि आज की पीढ़ी अपनी जड़ों की ओर लौटने के लिए आतुर है।
सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और भावी पीढ़ी का निर्माण
तीन दिवसीय इस वृहद आयोजन का विधिवत शुभारंभ प्रसिद्ध समाजसेवी, शिक्षाविद और उद्यमी मुकेश शर्मा ने अपने परिवार के साथ दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर मुकेश शर्मा एवं उनके परिवार के सदस्यों ने डॉ. कुमार विश्वास को प्रतीक चिन्ह भेंटकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।आयोजन की रूपरेखा और इसके पीछे के उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए मुकेश शर्मा ने अपने स्वागत संबोधन में कहा, ” ‘अपने-अपने राम’ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान या कथा मात्र नहीं है। यह एक वैचारिक आंदोलन है जिसका मुख्य उद्देश्य भगवान श्री राम के जीवन मूल्यों, उनके अटूट धैर्य और उनके मर्यादावादी आदर्शों को समाज की वर्तमान पीढ़ी, विशेषकर युवाओं तक पहुँचाना है। आज के प्रतिस्पर्धी युग में राम का चरित्र हमें स्थिरता और नैतिकता का मार्ग दिखाता है।”
मुकेश शर्मा ने इस बात पर विशेष बल दिया कि एक उद्यमी और शिक्षाविद के रूप में वे अनुभव करते हैं कि तकनीक और आधुनिकता के बीच चरित्र निर्माण की बेहद आवश्यकता है, और श्री राम से बेहतर कोई रोल मॉडल नहीं हो सकता। मुकेश शर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचे हजारों श्रोताओं एवं अतिथियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तीन दिवसीय आयोजन में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उनकी पूरी टीम सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था, आवागमन सहित सभी आवश्यक सुविधाओं पर लगातार नजर रख रही है। किसी भी आगंतुक को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

राम के साथ रहें, वाम के साथ नहीं: कुमार विश्वास का प्रखर उद्बोधन
कार्यक्रम के पहले दिन कुमार विश्वास ने भगवान राम के जन्मोत्सव के प्रसंग को जिस नवीनता और व्यंग्य के पुट के साथ प्रस्तुत किया, उसने श्रोताओं को अंत तक बांधे रखा। उन्होंने समकालीन राजनीति और दर्शन पर कटाक्ष करते हुए एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “इस देश और विश्व का कल्याण केवल ‘राम’ में निहित है, ‘वाम’ (वामपंथ) में नहीं।” उनका इशारा स्पष्ट था कि भारतीय संस्कृति की जड़ें अध्यात्म और मर्यादा में हैं, न कि उन विचारधाराओं में जो विरासत का तिरस्कार करती हैं।
कुमार विश्वास ने दशरथ और महर्षि विश्वामित्र के मध्य हुए एक प्रसंग का उल्लेख करते हुए सत्ता और चरित्र के अंतर्संबंधों की व्याख्या की। उन्होंने बताया कि विश्वामित्र ने राजा दशरथ से कहा था कि किसी भी पुरुष के जीवन में चार तत्व—यौवन (Youth), धन (Wealth), संपत्ति (Property) और प्रभुत्व यानी सत्ता (Power)—बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। सामान्यतः इनमें से कोई एक भी मिल जाए, तो व्यक्ति अपनी मर्यादा और विनम्रता खो देता है। लेकिन राम के व्यक्तित्व की विलक्षणता यह है कि उनमें ये चारों तत्व चरम पर होने के बावजूद वे विनम्रता की प्रतिमूर्ति हैं।
आयोजक की विनम्रता की सराहना और विरोध करने वाले ‘रामद्रोहियों’ को कड़ा संदेश
डॉ. विश्वास ने इस भव्य आयोजन को पूरी तरह नि:शुल्क रखने के लिए मुकेश शर्मा की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस विनम्रता और सेवाभाव के साथ मुकेश शर्मा ने इस कार्यक्रम का संयोजन किया है, वह प्रशंसनीय है। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में बाधा डालने वाले या राम के आदर्शों पर प्रश्न उठाने वाले चेतनाशून्य तत्वों को ‘रामद्रोही’ की संज्ञा देते हुए इंद्र के पुत्र जयंत की कथा सुनाई। उन्होंने मार्मिक प्रसंग सुनाया कि जब जयंत ने कौवे के रूप में माता सीता के चरणों में चोंच मारकर उन्हें कष्ट पहुँचाया था, तब भगवान राम ने एक साधारण तिनके को ही रामबाण बनाकर उसके पीछे भेज दिया था। उस परिस्थिति में जयंत को शरण देने के लिए न उसके पिता इंद्र आगे आए और न ही ब्रह्मा, विष्णु या महेश। अंत में उसे राम के ही चरणों में गिरना पड़ा। कुमार विश्वास ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि रामद्रोहियों को अंततः राम की शरण में ही आना होगा, भले ही उन्हें जयंत की तरह आत्मग्लानि और क्षति का सामना करना पड़े।
कुमार ने विरोध करने वाले नीचोत्तम चेतनाशून्य रामद्रोहियों पर व्यंग्य करते हुए कहा कि देखिए राम के अस्तित्व को नकारने या विरोध करने वालो के नाम में भी राम है, एक राम द्रोही का नाम सीताराम केसरी था, तो दक्षिण के एक अन्य बड़े रामद्रोही का नाम राम के ही पर्यायवाची करुणा निधि था। उन्होंने श्री राम मंदिर जन्मभूमि के फैसले के समय का जिक्र करते हुए संस्मरण याद करते हुए कहा कि उसे समय सुनवाई के बीच श्री रामनवमी की छुट्टी पड़ गई तो उन्होंने जज महोदय को फोन करके कहा कि अब आप बताइए कि जिनके बारे आप फैसला कर रहे हैं अगर उनके नाम पर छुट्टी है तो उनके अस्तित्व पर सवाल कैसा ? और अगर सवाल है तो छुट्टी क्यूँ ?
विज्ञान और सनातन का मेल
वामपंथी विचारधारा पर प्रहार करते हुए कुमार विश्वास ने एक रोचक तर्क दिया। उन्होंने कहा कि आज का आधुनिक विज्ञान जिस तथ्य को (जैसे कौवे की एक आंख की संरचना) कुछ सदियों पहले खोज पाया है, उसे वाल्मीकि ने हजारों साल पहले रामायण में लिख दिया था। यह हमारी प्राचीन मेधा और वैज्ञानिक दृष्टि का प्रमाण है।
प्रश्न उठाने की संस्कृति: सनातन का गौरव
एक पेशेवर और बौद्धिक दर्शक वर्ग को संबोधित करते हुए कुमार विश्वास ने भारतीय संस्कृति में ‘तर्क’ और ‘प्रश्न’ के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “हमारी संस्कृति प्रश्न उठाने पर ‘सर तन से जुदा’ करने की अनुमति नहीं देती। यहाँ प्रश्न उठाना ज्ञान के सृजन का मार्ग है।”
उन्होंने उदाहरण देते हुए समझाया:
जब माता पार्वती ने शिव से प्रश्न पूछे, तो शिव ने उत्तर में ‘रामचरितमानस’ की कथा सुनाई।
जब महर्षि याज्ञवल्क्य से मैत्रेयी ने प्रश्न किए, तो ‘याज्ञवल्क्य संहिता’ का जन्म हुआ।
जब कुरुक्षेत्र के मैदान में अर्जुन ने कृष्ण से प्रश्न किए, तो मानवता को ‘श्रीमद्भगवद्गीता’ जैसा महान ग्रंथ मिला।
डॉ. विश्वास ने कहा कि प्रश्न उठाने वालों से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि उन्हें सही संदर्भ समझाना चाहिए। उन्होंने हाल ही में विवादों में रही रामायण पर आधारित फिल्मों का जिक्र करते हुए कहा कि यदि रावण को शक्तिशाली नहीं दिखाया जाएगा, तो राम की विजय का गौरव कैसे स्थापित होगा? रावण का पराक्रम ही राम की दिव्यता की कसौटी है।

भावविभोर कर देने वाला समापन
जैसे-जैसे शाम ढलती गई, नोएडा का वातावरण और अधिक भावुक और भक्तिमय होता गया। कार्यक्रम के पहले दिन का समापन कुमार विश्वास के सुप्रसिद्ध भजनों और काव्य पंक्तियों से हुआ। जब उन्होंने “पूर्ण श्रद्धा भरा हर सुमन राम का, रास्ता देखते थे नयन राम का, आज हो ही गया आगमन आपका…” पंक्तियां पढ़ीं, तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट और ‘जय श्री राम’ के नारों से गूंज उठा।
अगले दो दिनों में डा कुमार विश्वास राम के वनवास, उनके संघर्ष, और अंततः राज्याभिषेक की महत्वपूर्ण घटनाओं को अपने विशेष अंदाज में प्रस्तुत करेंगे। आयोजकों के अनुसार, आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है, जिसके लिए सुरक्षा और प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
पहले ही दिन नोएडा के लिए यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक संध्या नहीं, बल्कि वैचारिक विमर्श का एक ऐसा मंच बन गया है जहाँ आधुनिकता और परंपरा का अद्भुत समन्वय देखने को मिल रहा है। ‘अपने-अपने राम’ ने यह सिद्ध कर दिया है कि समय चाहे कितना भी बदल जाए, राम के आदर्श और उनकी प्रासंगिकता हर कालखंड में अडिग रहेगी।

