ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 के दूसरे दिन शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने हॉल नंबर 7 स्थित ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्टॉल का निरीक्षण किया।
इस दौरान उनके साथ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव, एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस और एसीईओ प्रेरणा सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्राधिकरण के स्टॉल पर ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) और भविष्य की प्रमुख परियोजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। आगंतुकों और निवेशकों के लिए स्टॉल पर विशेष तौर पर मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब (MMTH) और मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब (MMLH) जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के मॉडल और जानकारियां रखी गई हैं, जो क्षेत्र की आर्थिक प्रगति को गति देने के लिए तैयार की जा रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इस ट्रेड शो के माध्यम से ग्रेटर नोएडा में निवेश की संभावनाओं, अत्याधुनिक सुविधाओं और औद्योगिक विकास के रोडमैप को वैश्विक स्तर पर निवेशकों और आम जनता के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है। स्थानीय निवासी और उद्यमी इस ट्रेड शो में आकर ग्रेटर नोएडा के विकास से जुड़ी इन नई परियोजनाओं की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

