पारिवारिक और सुरीली फिल्मों के सरताज सूरज बड़जात्या एक बार फिर सिनेमाघरों में अपने आइकोनिक किरदार “प्रेम” के साथ लौटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हालांकि, इस बार बड़जात्या के ‘प्रेम’ के रूप में सुपरस्टार सलमान खान नहीं, बल्कि अपनी अलग तरह की भूमिकाओं के लिए मशहूर आयुष्मान खुराना नजर आ रहे हैं। राजश्री प्रोडक्शंस, महावीर जैन फिल्म्स (MJF) और हिमेश रेशमिया मेलोडीज़ ने इस बहुप्रतीक्षित संगीतमय पारिवारिक फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का टाइटल ट्रैक आधिकारिक तौर पर रिलीज़ कर दिया है।
ओपेरा हाउस में लाइव ऑर्केस्ट्रा के साथ भव्य संगीत लॉन्च
मेकर्स ने फिल्म के प्रमोशन की शुरुआत बेहद अनोखे और भव्य अंदाज में की। मुंबई के ऐतिहासिक रॉयल ओपेरा हाउस में एक शानदार संगीतमय शाम का आयोजन किया गया, जहाँ संगीतकार हिमेश रेशमिया ने लाइव ऑर्केस्ट्रा के साथ स्टेज पर परफॉर्म करते हुए फिल्म का टाइटल ट्रैक लॉन्च किया।
हिमेश रेशमिया द्वारा तैयार किया गया यह गाना बेहद दिलकश और खूबसूरत है, जिसके विज़ुअल्स सूरज बड़जात्या के सिग्नेचर रोमांटिक अंदाज़ को पूरी तरह से दर्शाते हैं। इस गाने को मशहूर गायिका श्रेया घोषाल और निहाल टौरो ने अपनी जादुई आवाज़ों से सजाया है, जबकि इसके बोल गीतकार कुमार ने लिखे हैं।
आयुष्मान और शरवरी की नई जोड़ी
यह टाइटल ट्रैक आयुष्मान खुराना और शरवरी की आने वाली फ़ैमिली एंटरटेनर फ़िल्म की पहली म्यूज़िकल झलक है। पर्दे पर पहली बार एक साथ आ रही यह जोड़ी काफी ताज़ा और आकर्षक लग रही है। गाने में शरवरी बेहद सुंदर और सादगी से भरपूर नज़र आ रही हैं। दोनों की केमिस्ट्री दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब दिख रही है।
टॉक्सिक सिनेमा के दौर में ‘प्रेम, त्याग और संबंधों’ की वापसी
आज के दौर में जब बॉक्स ऑफिस पर ‘एनिमल’, ‘केजीएफ’ और ‘धुरंधर’ जैसी अत्यधिक हिंसा और टॉक्सिक बैकड्रॉप वाली फिल्मों का दबदबा है, ऐसे समय में सूरज बड़जात्या का यह प्रयास एक ताज़ा हवा के झोंके की तरह है। ‘ये प्रेम मोल लिया’ का यह गाना संकेत देता है कि फिल्म दर्शकों को एक बार फिर से प्रेम, त्याग, करुणा और मजबूत पारिवारिक रिश्तों के उस पारंपरिक दौर में ले जाएगी, जिसकी भारतीय परिवारों और सिनेमा को आज सख्त जरूरत महसूस हो रही है।
7 गानों के साथ हिमेश रेशमिया का धमाकेदार संगीत
इस फिल्म में संगीत को बेहद खास और महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। ‘प्रेम रतन धन पायो’ की अपार सफलता के बाद हिमेश रेशमिया ने एक बार फिर सूरज बड़जात्या के साथ हाथ मिलाया है। जानकारी के मुताबिक, हिमेश ने इस फिल्म के लिए पूरे सात खास गाने तैयार किए हैं, जो राजश्री की परंपरा के अनुसार संगीतमय माहौल तैयार करेंगे।
राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनी यह म्यूजिकल फैमिली ड्रामा फिल्म 27 नवंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। दर्शकों को अब बड़े पर्दे पर एक बार फिर से सूरज बड़जात्या की सुरीली और भावनात्मक दुनिया का अनुभव करने का बेसब्री से इंतजार है।

