गाजियाबाद: नए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने ‘संभव दिवस’ पर सुनीं जन समस्याएं, संवेदनशील दृष्टिकोण से जीता नागरिकों का भरोसा

Page3 Reporter
By Page3 Reporter
4 Min Read

आशु भटनागर । गाजियाबाद नगर निगम के नवनियुक्त नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कार्यभार संभालने के साथ ही अपनी प्रशासनिक कार्यशैली और जन-केंद्रित दृष्टिकोण से शहरवासियों के बीच एक सकारात्मक छाप छोड़ी है। मंगलवार को आयोजित ‘संभव दिवस’ के अवसर पर नगर आयुक्त ने न केवल जनता की शिकायतों का संज्ञान लिया, बल्कि विभाग के कामकाज की विस्तृत समीक्षा भी की।

नगर निगम मुख्यालय में आयोजित इस जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस दौरान हिमांशु नागपाल का व्यवहार अत्यंत शालीन और सहयोगात्मक रहा। स्वागत के लिए आए नागरिकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए उन्होंने विनम्रतापूर्वक कहा, “आप बस शहर की समस्याएं हमें बताते रहिए।” उनका यह अंदाज दर्शाता है कि वे प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम कर फीडबैक तंत्र को मजबूत करना चाहते हैं।

जनसुनवाई के दौरान सर्वोदय नगर निवासी सुमित ने जब अपनी व्यक्तिगत और आर्थिक व्यथा सुनाई, तो नगर आयुक्त भावुक नजर आए। सुमित की स्थिति को समझते हुए उन्होंने न केवल सहानुभूति प्रकट की, बल्कि उसे शीघ्र मकान और रोजगार उपलब्ध कराने का ठोस आश्वासन भी दिया। इस घटना ने उपस्थित लोगों के बीच उनकी एक संवेदनशील अधिकारी की छवि स्थापित की है।

कूड़ा कलेक्शन के बारे में भी पूरी जानकारी हासिल की। साथ ही बहुत जल्द एक-एक वार्ड में भ्रमण का कार्यक्रम बनाने के भी निर्देश दिए। डूडा के अब तक बनाए गए मकान और प्रस्तावित डीपीआर के बारे में भी ल अधिकारी से जानकारी मांगी।

- Advertisement -
Ad image

नगर आयुक्त ने पिछले पांच साल में हुए सभी प्रकार के एग्रीमेंट को भी निकलवाने के निर्देश दिया है । वह जानना चाहते हैं कि नगर निगम में कब से क्या-क्या चल रहा है और वह नगर निगम और जनहित में ठीक है अथवा नहीं।

फिलहाल अधिकारी पिछले पांच साल के एग्रीमेंट्स निकालने में जुट गए हैं। इस मौके पर विजयनगर से आए फरियादी की बात तसल्ली से सुनी और उनकी मांग की जल्द पूरा करने का आश्वाशन दिया। इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के कुछ पदाधिकारी ने नगर एक्ट को आमंत्रण देकर गाजियाबाद के 50 वर्ष होने पर लगे जारी प्रदर्शनी में आने का आग्रह किया।

कौन हैं हिमांशु नागपाल?

2019 बैच के आईएएस अधिकारी हिमांशु नागपाल मूलतः हरियाणा के हिसार जिले के रहने वाले हैं। उनकी शैक्षिक और व्यावसायिक यात्रा प्रेरणादायक रही है:

उन्होंने हिंदी माध्यम से स्कूली शिक्षा पूर्ण करने के बाद दिल्ली के प्रतिष्ठित हंसराज कॉलेज से बी.कॉम (ऑनर्स) किया। गाजियाबाद आने से पहले वे वाराणसी में नगर आयुक्त और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के पद पर तैनात थे। इसके अतिरिक्त, उन्होंने कानपुर और जौनपुर में जॉइंट मजिस्ट्रेट के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं।वाराणसी और जौनपुर में उनके द्वारा शुरू किया गया ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अत्यंत सफल रहा था। इस मिशन के तहत रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर भटकने वाले बच्चों को रेस्क्यू कर उनके परिवारों से मिलाया जाता था।

हिमांशु नागपाल ने मात्र 22 साल की उम्र में अपने प्रथम प्रयास में ही यूपीएससी की परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 26वीं रैंक हासिल की थी। उनकी यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि तैयारी के दौरान उन्होंने अपने पिता और बड़े भाई को खो दिया था। इन व्यक्तिगत त्रासदियों के बावजूद, उन्होंने अपने पिता के सपने को पूरा करने का संकल्प बनाए रखा।

नगर आयुक्त के रूप में हिमांशु नागपाल की प्राथमिकता शहर की बुनियादी संरचना में सुधार और जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण प्रतीत होती है। स्थानीय विशेषज्ञों का मानना है कि उनके पिछले अनुभवों और कार्य करने की ऊर्जा से गाजियाबाद नगर निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और गतिशीलता आएगी।

Share This Article
Follow:
एनसीआर खबर पेज 3 सेक्शन विशेष तौर पर दिल्ली एनसीआर की सोसाइटी में होने वाले इवेंट्स और उससे जुड़े सामाजिक लोगों और सेलिब्रिटीज के बारे में जानकारी देता है। विभिन्न सामाजिक , फैशन, संस्कृति से संबंधित विषयों पर आप हमें अपने लेख ncrkhabarpage3@gmail.com पर भी भेज सकते है I पेज 3 पर किसी भी तरह के इवेंट, के प्रायोजित लाइव प्रसारण और कवरेज के लिए आप हमें 9319674938 पर संपर्क कर सकते हैं I
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *