आशु भटनागर। प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल देखने को मिला। 2004 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. बलकार सिंह ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले डॉ. सिंह उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) में सीईओ के पद पर कार्यरत थे। इस आधिकारिक बदलाव के तहत, ग्रेटर नोएडा के निवर्तमान सीईओ एनजी रवि कुमार को अब यूपीसीडा की कमान सौंपी गई है।
कौन हैं डॉ. बलकार सिंह ?
2 जुलाई 1975 को हरियाणा के कैथल में जन्मे डॉ. बलकार सिंह एक अनुभवी प्रशासनिक अधिकारी हैं। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि विशिष्ट है।प्रशासनिक सेवा में आने से पूर्व उन्होंने हिसार से पशु चिकित्सा विज्ञान (B.V.Sc. & A.H.) में स्नातक और बरेली से परास्नातक (M.V.Sc.) की डिग्री प्राप्त की है। वे पशु चिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं भी दे चुके हैं।
अपने अब तक के करियर में उन्होंने उत्तर प्रदेश के नौ जिलों में जिलाधिकारी (DM) के रूप में कार्य किया है, जिनमें हरदोई, एटा, रामपुर और अलीगढ़ प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के सचिव और उत्तर प्रदेश आवास आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी कार्यक्षमता का परिचय दिया है।
प्राधिकरण के विकास की गति को बनाये रखने की प्राथमिकताएं
डॉ. बलकार सिंह के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का पदभार एक ऐसे समय में आया है जब प्राधिकरण आर्थिक रूप से सुदृढ़ स्थिति में है। वर्तमान में प्राधिकरण अपना अधिकाशं कर्ज उतार कर लगभग 10,000 करोड़ रुपये के लाभ में है, जिसमे 4300 करोड़ का कार्पस फंड शामिल हैं । हालांकि, उन्हें पूर्व सीईओ एनजी रवि कुमार द्वारा शुरू की गई परियोजनाओं और नीतियों की गति को आगे भी कायम रखना होगा।
उनके कार्यकाल में मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित रहने की संभावना है:
बुनियादी ढांचा और विकास: शहर के मुख्य बुनियादी ढांचे, जिसमें सड़कें, जलापूर्ति और सीवर लाइनें शामिल हैं, के चल रहे अपग्रेडेशन कार्य को गति देना।
बिल्डर-बायर्स विवाद: बिल्डर और फ्लैट खरीदारों के बीच के बचे हुए लंबित विवादों का समाधान करना
किसान संबंधित मुद्दे: किसानों की जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए मुआवजे की दर को 4125 रुपये से बढ़ाकर 6415 रुपये प्रति वर्ग मीटर करने के निर्णय का प्रभावी क्रियान्वयन।
अतिक्रमण पर नियंत्रण: चुनावी वर्ष के मद्देनजर शहर में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करना एक बड़ी चुनौती होगी, जिसमें प्रशासन को अत्यंत सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी।
औद्योगिक विकास और जनहित के कार्यों में अपने व्यापक अनुभव के साथ, डॉ. बलकार सिंह का यह नया दायित्व ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक और आवासीय विकास के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उद्योग जगत और शहर के हितधारक अब उनके नेतृत्व में नई नीतियों के क्रियान्वयन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

