नोएडा: दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी द्वारा नोएडा के अग्रसेन भवन में ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहर के प्रमुख वैश्य समाज के प्रतिनिधियों, विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का संयोजन एडवोकेट गौरव सिंघल ने किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल मित्र मंडल एवं सेक्टर-50 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष मूलचंद गुप्ता ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग, भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ नेता सुभाष कुमार भाटी, उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के चेयरमैन नरेश कुच्छल और अखिल भारतीय अग्रवाल वैश्य मित्र मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधा कृष्ण गर्ग उपस्थित रहे। सपा व्यापार सभा के प्रदेश सचिव नवीन गुप्ता ने विशिष्ट अतिथि की भूमिका निभाई।
व्यापारी हितों और अधिकारों पर मंथन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग ने समाज की एकता पर जोर देते हुए कहा कि वैश्य समाज को धन के साथ-साथ सत्य का धर्म निभाना होगा और समय आने पर तराजू के साथ तलवार उठाने के लिए भी तैयार रहना होगा।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के चेयरमैन नरेश कुच्छल ने समाज के कमजोर और वंचित व्यापारियों को मुख्यधारा में लाकर उन्हें बराबरी का दर्जा देने की पुरजोर वकालत की। वहीं, युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने भामाशाह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस प्रकार सैनिक सीमा की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
राजनीतिक अधिकारों के लिए एकजुट होने का आह्वान
अध्यक्षता कर रहे मूलचंद गुप्ता ने कहा कि महाराणा प्रताप को मुगलों के खिलाफ संघर्ष के लिए आर्थिक संबल देने वाले भामाशाह का इतिहास प्रेरणादायक है। उन्होंने आह्वान किया कि वैश्य समाज को अब अपने राजनीतिक अधिकारों के लिए घर से बाहर निकलकर महाराणा प्रताप के पदचिह्नों पर चलते हुए संघर्ष के लिए तैयार रहना चाहिए।
इस अवसर पर श्रीमती सुनीता शारदा, शंभू पोखरियाल, रामनिवास बंसल, डीपी गोयल, राजेंद्र जैन, आलोक गुप्ता, विपिन अग्रवाल, बाबूलाल बंसल, मनोज गोयल, नेत्रपाल बंसल, विकास बंसल, भूपेंद्र मित्तल, मुकेश गुप्ता, राधेश्याम गोयल, धर्मवीर चौहान, मनोज भाटी, संदीप चौहान, दाताराम यादव, दिनेश यादव सहित दर्जनों गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने जातिगत बंधनों से ऊपर उठकर एक सशक्त और संगठित व्यापारी समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
