उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र और ‘सिटी ऑफ अपैरल’ के रूप में विख्यात नोएडा में आगामी 2 मार्च 2026 को एक भव्य एक्सपोर्ट अवार्ड समारोह का आयोजन होने जा रहा है। नोएडा अपैरल एक्सपोर्ट क्लस्टर (NAEC) द्वारा आयोजित यह समारोह सेक्टर-18 स्थित रेडिसन ब्लू होटल में शाम 6:00 बजे से शुरू होगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान गारमेंट एक्सपोर्ट के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निर्यातकों को सम्मानित करना है।
इस गरिमामयी शाम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह होंगे। कार्यक्रम की शोभा गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के रूप में बढ़ाएंगे। इसके अलावा, केंद्र और राज्य सरकार के वस्त्र मंत्रालय तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के भी इसमें शामिल होने की संभावना है।
वैश्विक चुनौतियों के बीच भारतीय निर्यातकों का हौसला
NAEC के अध्यक्ष ललित ठुकराल के अनुसार, यह आयोजन ऐसे समय में हो रहा है जब वैश्विक व्यापार कई चुनौतियों से जूझ रहा है। अमेरिकी टैरिफ नीतियों में बदलाव, रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण उपजी भू-राजनीतिक अस्थिरता और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में आए उतार-चढ़ाव के बावजूद भारतीय निर्यातकों ने अपनी मजबूती दर्ज कराई है। ठुकराल का मानना है कि ऐसे पुरस्कार न केवल प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देते हैं, बल्कि निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरने के लिए प्रेरित भी करते हैं।
छह प्रमुख श्रेणियों में दिए जाएंगे पुरस्कार
समारोह के दौरान पुरुष, महिला और बच्चों के परिधान निर्यात की श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक श्रेणी में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए ‘महिला उद्यमियों’ हेतु एक विशेष निर्यात श्रेणी रखी गई है। साथ ही, रोजगार सृजन और निर्यात में सर्वाधिक वृद्धि दर्ज करने वाली इकाइयों को ‘विशेष गोल्ड ट्रॉफी’ से नवाजा जाएगा।
लाइफटाइम अचीवमेंट और क्लस्टर की प्रमुख पत्रिका ‘सूत्रधार’ का विमोचन
अपैरल उद्योग को अपने जीवन के कई दशक देने वाले दिग्गजों को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष यह प्रतिष्ठित सम्मान श्रीमती शशि नांगिया (स्वाति एस्क्सिम प्रा. लि.), श्री विनोद कपूर (रेडनिक एक्सपोर्ट्स ग्लोबल प्रा. लि.) और श्री राम कुमार साहू (साहू एक्सपोर्ट्स प्रा. लि.) को दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, क्लस्टर की प्रमुख पत्रिका ‘सूत्रधार’ का भी विमोचन किया जाएगा, जो उद्योग की नवीनतम प्रवृत्तियों और उपलब्धियों को रेखांकित करती है।
दावा किया जा रहा है कि NAEC का यह कदम नोएडा को वैश्विक मानचित्र पर एक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में और मजबूती देगा। ललित ठुकराल ने एनसीआर खबर पेज3 से कहा कि क्लस्टर ने हाल ही में ‘फैशन SVP लंदन 2025’ में सफलतापूर्वक भागीदारी की है और जून 2026 में थाईलैंड में होने वाली एशिया की बड़ी टेक्सटाइल प्रदर्शनी के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों का पालन करते हुए, क्लस्टर का लक्ष्य अगले 2-3 वर्षों में नोएडा से वार्षिक परिधान निर्यात को 55,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 70,000 करोड़ रुपये तक पहुँचाना है।
सामाजिक सरोकार भी सर्वोपरि उद्योग के साथ-साथ NAEC अपनी सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के प्रति भी सजग है। क्लस्टर शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में सक्रिय योगदान दे रहा है, जिससे नोएडा न केवल व्यापारिक रूप से बल्कि सामाजिक रूप से भी एक सशक्त औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है।

