नोएडा: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के नोएडा में हाल ही में एक गरिमामयी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें देश के प्रख्यात राजनेता, पत्रकार और पूर्व राज्यसभा सांसद ‘कायस्थ शिरोमणि ‘डॉ. आर.के. सिन्हा को नम आंखों से याद किया गया। इस शोक सभा में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने शिरकत कर उनके असाधारण जीवन और कृतित्व को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की पुत्रवधु श्रीमती नीरा शास्त्री, नवरतन फाउंडेशन के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, डॉ. रेनू वर्मा, डॉ. अतुल वर्मा, ‘एनसीआर खबर’ के संपादक आशु भटनागर, अरविंद श्रीवास्तव, सुकृति माथुर, विवेक श्रीवास्तव और नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (NEA) के उपाध्यक्ष सुधीर श्रीवास्तव सहित शहर के सैकड़ों उद्योगपति, व्यवसायी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने आर.के. सिन्हा के साथ अपने व्यक्तिगत संस्मरण साझा किए। वक्ताओं ने उनके परोपकारी स्वभाव, जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहने की उनकी प्रवृत्ति और उनके प्रेरणादायक जीवन से जुड़े कई संस्मरणों को याद किया। इस दौरान कई वक्ताओं ने उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए कुछ बेहद भावुक और मार्मिक किस्से भी साझा किए, जिससे पूरा सभागार गमगीन हो गया।
वक्ताओं ने कहा कि आर.के. सिन्हा केवल एक राजनीतिक शख्सियत या सफल उद्यमी ही नहीं थे, बल्कि वे एक ऐसे जननेता थे जिनका जीवन समाज के वंचित वर्ग के उत्थान और राष्ट्र सेवा को समर्पित था। उनका जाना देश और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसे लंबे समय तक भरा नहीं जा सकता।
कार्यक्रम में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने और उनके सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

















