रुपिका भटनागर। सर्दियों के आगमन के साथ ही नोएडा के प्रमुख समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं उद्यमी मुकेश शर्मा ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (Corporate Social Responsibility) यानी CSR के तहत अपनी सामाजिक पहल “एक दीया उनके नाम, जो पूरे साल हमारे घरों को रोशन करते हैं” को विस्तार दिया है। इस अभियान के तहत रविवार को नोएडा की दो प्रमुख आवासीय सोसायटियों में 1,000 से अधिक घरेलू सहायिकाओं और सहयोगी कर्मचारियों को कंबल, दीये एवं मिठाइयाँ वितरित की गईं। प्रोमेथियस स्कूल के संस्थापक एवं गौरी शिक्षा फाउंडेशन के प्रबंध न्यासी मुकेश शर्मा लंबे समय से शिक्षा और सामाजिक सेवा के विभिन्न कार्यों से जुड़े हुए हैं।
रविवार को आयोजित इस वितरण कार्यक्रम का लाभ सेक्टर 120 स्थित आम्रपाली जोडिएक सोसायटी के 600 से अधिक और सेक्टर 119 स्थित अरन्या सोसायटी के 400 से अधिक कर्मचारियों को मिला। मुकेश शर्मा ने स्वयं उपस्थित होकर घरेलू सहायिकाओं, सुरक्षा गार्डों, हाउसकीपिंग स्टाफ, प्लंबर और इलेक्ट्रिशियन जैसे सहयोगी कर्मचारियों को कंबल एवं उपहार भेंट किए। इस दौरान उपस्थित कर्मियों के लिए जलपान की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य कड़ाके की ठंड से पूर्व उन कर्मयोगियों को राहत पहुँचाना है, जो समाज की आधारभूत व्यवस्था को सुचारू रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर मुकेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा, “हमारे घरों और सोसायटियों का ख्याल रखने वाली बहनें और सुरक्षाकर्मी पूरे साल निस्वार्थ भाव से सेवा करते हैं। सर्दियों की शुरुआत में हमारा यह कर्तव्य बनता है कि हम उनके जीवन में थोड़ी गर्माहट और अपनापन लेकर आएं। यह केवल एक वितरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है।”
उन्होंने आगे जानकारी दी कि शुरुआत में इस पहल के माध्यम से 10,000 परिवारों तक पहुँचने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन समुदाय से मिले व्यापक समर्थन और स्नेह ने इस संकल्प को और अधिक विस्तार देने की प्रेरणा दी है।
हाल ही में नोएडा में आयोजित तीन दिवसीय ‘अपने अपने राम’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए मुकेश शर्मा ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को दैनिक जीवन में उतारने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि रामराज्य केवल एक कल्पना नहीं, बल्कि हमारे व्यवहार में परिलक्षित होना चाहिए।
रामराज्य का वास्तविक अर्थ एक ऐसे समावेशी समाज का निर्माण करना है जहाँ हर व्यक्ति को सम्मान मिले और कोई भी उपेक्षित न रहे। हमारे आसपास काम करने वाले लोगों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना रखना ही सही अर्थों में मर्यादा पुरुषोत्तम के बताए मार्ग पर चलना है।
मुकेश शर्मा
यह कार्यक्रम न केवल जरूरतमंदों की सहायता के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि यह पेशेवर समाज में सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) और व्यक्तिगत संवेदनशीलता के एक उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में भी सामने आ रहा है।

